'माओवाद, गांधीवाद और आंबेडकरवाद को मिलकर आगे बढ़ना होगा'
Author: समयांतर डैस्क Edition : April 2013
कवि आत्मा
'पूंजीवाद का संकट और मार्क्सवाद की चुनौतियां' (समयांतर, फरवरी अंक) पर एक प्रतिक्रिया
पूंजीवाद के बरक्स समाजवाद मात्र एक स्वप्न नहीं, बल्कि सच्चाई है जिसका अपना अतीत व भविष्य ही नहीं वर्तमान भी है। बेशक समाजवाद एक नए समाज की मांग करता है। कैसा होगा वह समाज, इसकी कल्पना कम सुखद नहीं। इतना तो तय है कि समाजवादी समाज सामंती व पूंजीवादी समाज व मूल्यों से भिन्न होगा, जहां नारी व पुरुष पृथक-पृथक इकाई होंगे। समाजवादी समाज सामंती व पूंजीवादी विसंगतियों से भी मुक्त होगा। समाजवादी समाज में विचारों की अभिव्यक्ति की आजादी होगी। गांधी के बारे में अगर आपने लिखा है कि अपने आंदोलन का हिस्सा बनाओ; तो कोई भी नक्सलवादी नाराज नहीं होगा, क्योंकि वह इस रणनीति से वाकिफ है कि सड़कों पर गांधीवादी बन के; और जंगल में माओवादी बन के काम करने में ही बुद्धिमत्ता है। भला इसमें नाराजगी की कौन-सी बात है? शायद आपको पता नहीं है, अब माओवादी भी गांधीयन माओवाद की बात करने लगे हैं। इससे आगे बढ़कर आंबेडकर माओवाद और लोहिया माओवाद की भी। अगर आप इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि कम्युनिस्ट आंदोलन का कोई भविष्य है तो यह अल्ट्रा लेफ्ट में है; तो आपका विश्लेषण सटीक है।
सचमुच इस वक्त देश में माओवादियों के लिए सहानुभूति बढ़ी है और इस सहानुभूति को शासक वर्ग भी समझता है। उसकी नीति यह है कि चुन-चुन के जो बहुत अच्छे कैडर है, उन्हें मार दें। यह एक तल्ख सच्चाई है कि माओवादियों की प्रथम पंक्ति के नेता या तो जेल में बंद हैं, अथवा मार दिए गए है। मुठ्ठीभर जो जिंदा हैं, वे जंगलों में सिमटे हैं। शहरी और मैदानी इलाकों में दूसरी पंक्ति ने नेतृत्व संभाल लिया है तथा तीसरी पंक्ति प्रशिक्षण ले रही है। अगर सर्वाधिक अमीर एक फीसदी वयस्क लोगों के पास 40 फीसदी वैश्विक संपदा है तथा सर्वाधिक 10 फीसदी अमीरों के पास 85 प्रतिशत वैश्विक संपदा, तो फिर यह बात आंख खोलने वाली है तथा अस्वीकार्य है। इससे यह प्रमाणित होता है कि अमीर-गरीब इंसान का बनाया हुआ है, ईश्वर द्वारा नहीं। इस विषमता को संघर्ष द्वारा बदला जा सकता है।
सच पूछिये तो मार्क्सवाद की प्रासंगिकता उसकी मौलिकता में है न कि उसकी पुनर्रचना में। सवाल यह भी कि पूंजीवाद को कटघरे में न खड़ा किया जाय तो क्या महिमा मंडित किया जाय? अगर मार्क्सवाद और समाजवाद रेतीले मचान पर खड़े हैं तो क्या पूंजीवाद अपनी गर्दन तक दलदल में नहीं धंसा है? पूंजीवाद की विनाशकारी व संहारक क्षमता अर्श पर है तो क्या इस भय से समाजवाद को विस्मृत कर दिया जाय, गला घोंट दिया जाय व उसका नाम तक न लिया जाय? पूंजीवाद आत्मरक्षा और दीर्घ जीवनावधि के लिए नए-नए शस्त्रों का निर्माण व इस्तेमाल करता है। वह परमाणु बमों का विस्फोट व रासायनिक बमों की वर्षा कर सकता है तो क्या उसकी पराधीनता व गुलामी को स्वीकार कर लिया जाय व समाजवाद तथा साम्राज्यवाद की चाकरी की जाय, समाजवाद से नाता तोड़ लिया जाय, ऐसा भीरुपन तो कोई कलमघसीट पूंजीवादी लेखक ही प्रदर्शित कर सकता है। समाजवादी कतई नहीं, क्योंकि उसे पता होता है कि जनता सबसे बड़ा लौह कवच होती है और क्रांति उसके हृदय में समाहित होती है। मध्यम वर्ग एक गौड़ वर्ग है, जो सशस्त्र रेडिकल क्रांति को रोकने का दमखम नहीं रखता, जो कि मुखापेक्षी पिछलग्गू वर्ग है, वह सिर्फ प्रति क्रांतिकारी नहीं होता बल्कि इस वर्ग से क्रांतिकारी भी आते हैं साथ ही साथ क्रांति में इस वर्ग के हितों की अवहेलना नहीं की जाती और सर्वहाराकरण का भरपूर मौका दिया जाता है। शक्तिशाली मध्यम वर्ग रेडिकल बदलाव नहीं होने देगा, एक पूंजीवादी साम्राज्यवादी सोच है, माओवादी क्रांति उसके हितों को सुरक्षा प्रदान करेगी। माओवादी क्रांति मात्र उन लोगों के खिलाफ है, जो विश्व की 85 प्रतिशत संपदा पर कब्जा जमाए हुए हैं। सर्वहारा और अर्धसर्वहारा वर्ग को क्रांतिकारी राज्य द्वारा सब्सिडियां प्रदान कर समाजवाद व साम्यवाद की मंजिल हासिल की जा सकती है। सशक्त मध्यम वर्ग को क्रांति विरोधी करार देना एक गैर मार्क्सवादी सोच है। माओवादियों की नजर में तो राष्ट्रीय पूंजीपति वर्ग भी क्रांति विरोधी नहीं, बल्कि क्रांति का समर्थक है। साम्राज्यवाद के लक्षणों व प्रभावों की चाहे आप जितनी तात्त्विक मीमांसा करें पूंजीवाद व साम्राज्यवाद कभी रचनाशील हो ही नहीं सकते।
छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, बिहार, ओडिशा, सुदूर अंचलों से नई दिल्ली तक सशस्त्र लांग मार्च की अब क्रांति के लिए जरूरत ही नहीं रही। दरअसल माओवादी घेरने नहीं, जोडऩे जा रहे हैं। जिसे सुदूर अंचलों से आए छात्रों, नौजवानों और बुद्धिजीवियों ने पहले से जोड़ रखा है। आखिर शहर के गरीब-गुरबे गांवों से ही तो आएं हैं शायद आपको पता नहीं शहरों में भी माओवादी क्रांतिकारी पैदा हो चुके हैं। अत: जंगल और समतल से घेरना नहीं, जोड़ देना है। बेशक वैश्विक साम्राज्य सिर्फ मूक दर्शक नहीं बना रहेगा उसने पैट्रियेट मिसाइलें, ड्रोन, रोबोट सैनिकों का आविष्कार किया है; सातवां बेड़ा और नाटो सेनाएं क्या काबुल में मौन बैठी हैं? फिर वहां से अमेरिकी साम्राज्यवाद के पांव उखड़ क्यों रहे हैं और वार्ता को क्यों लालायित हैं? भारतीय सैनिक क्या कभी काबुल नहीं जाएंगे? रचनात्मक मार्क्सवादी पद्धति के क्या मायने? कहीं आत्मसमर्पण और दलाली तो नहीं? अथवा समाजवादी उद्देश्यों से धूर्ततापूर्ण पलायन तो नहीं।
यह भी सही है कि भारतीय वाममंथ का दायरा बहुत सीमित दिखाई देता है और सी. पी. एम. को देखें तो उसमें ऊपर बैठे लोग सारे के सारे ब्राह्मण नजर आएंगे। केरल में भी सबके सब नायर और ब्राह्मण ही हैं और यह भी संभव नहीं कि एक ही समय में आप राजा भी बनें और क्रांतिकारी भी। सचमुच यह एक फरेब के सिवा और कुछ भी नहीं। जिस तरह से माओवादी नेता आजाद व किशन जी को, 'फेक इंकाउंटर' में मारा गया, उसकी प्रतिक्रिया स्वरूप मृत जवान के पेट में बम डाल देने को क्या आप वाहियात कहेंगे? ऐसा कैसे मुमकिन है कि एक तरफ तो साम्राज्यवाद की विनाशक शक्ति पर आप मुग्ध हों और दूसरी तरफ माओवादी रणनीति की भर्त्सना करें। सोनी सोढ़ी के साथ जो कुछ हुआ उस कुकृत्य की कोई प्रतिक्रिया होगी अथवा नहीं, इसके मद्देनजर क्या आप अपना समर्थन देना बंद कर देंगे, नहीं न। शठे शाठ्यम समाचरेत।
विभिन्न अस्मिताएं मसलन जातियां, भाषाएं, राष्ट्रीयताएं समाजवाद के निर्माण में साधक हैं, बाधक नहीं। क्या सामंतवाद व साम्राज्यवाद के नाम पर आपकी इच्छा इनके उच्छेदन व विलोपन की है? विभिन्न राष्ट्रीयताओं के दमन के बिना क्या साम्राज्यवाद का सृजन संभव है? और क्या यह रचनाशीलता है? कतई नहीं है, जहां तक जातियों का सवाल है, यह कोई आसमान से टपकी हुई व्यवस्था नहीं है। यह बिल्कुल सुस्पष्ट पता है कि जातियां कैसे अस्तित्व में आईं, दरअसल जनों व जनपदों में ही इसके भ्रूण पल रहे थे। दस्तकारी काश्तकारी व धातुकारी ने जातियों के विकास के लिए जमीन तैयार की। वर्ण व्यवस्था में जातियों का निर्माण नहीं किया। यह तो समाज का वर्गीकरण जातियां थीं, जिसे वर्ण व्यवस्था ने वर्गीकृत किया। जातियां स्वयं में एक सामंती व सामाजिक संगठन हैं, जिसका सामंतवाद व पूंजीवाद अपने पक्ष में सचेतन ढंग से प्रयोग कर रहे है। सभी राजनीतिक पार्टियों के जातीय आधार हैं और वे तोडऩे की जगह इन्हें जोड़ रही हैं। क्रांतिकारी माओवादियों व समाजवादियों को भी अपने संगठन को मजबूत करने में इनका बुद्धिमत्तापूर्ण प्रयोग करना चाहिए बजाय इन्हें तोडऩे के चक्कर में पडऩे के। सामाजिक द्वंद्ववाद व पूंजीवाद के खात्मे के साथ ही यह संभव है यह सिर्फ हमारा मनोगतवाद है कि सामंतवाद, पूंजीवाद और साम्राज्यवाद के रहते, जातियां समाप्त हो जाएगीं। समाजवादी व साम्यवादी समाज के सृजन व निर्माण के साथ जातियों का भी विलोपन हो जाएगा।
काश! हम यह समझ पाते कि साम्राज्यवाद पांच खंभों पर खड़ा है, जो निम्नलिखित हैं; सामंतवाद, पूंजीवाद, सांप्रदायिकवाद, जाति व धर्म तथा आतंकवाद। साम्राज्यवाद के उन्मूलन के साथ ही इनका विलोपन होगा। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि ये दुधारी तलवार हैं, इनका समापन इस बात पर निर्भर है कि इनके संचालन में हम कितना कुशल हैं। सचमुच मार्क्स ने मानवीय दुनिया की हर बुराई को द्वंद्वात्मक भौतिकवाद के वैज्ञानिक तरीके से समाप्त करने की सलाह दी है। बेशक सांस्कृतिक वर्ग संघर्ष के बिना यह संभव नहीं है और सवाल यह भी कि आखिरकार दुनिया में हो रहे बदलावों, खासकर विज्ञान व तकनीकी तरक्की के बाद अगर मार्क्स की बहुत सारी स्थापनाओं में सुधार की जरूरत है; तो क्या उनकी मूल स्थापनाओं, मसलन द्वंदात्मक भौतिकवाद, सर्वहारा वर्ग का अधिनायकत्व, वर्ग संघर्ष, और अतिरिक्त मूल्य के सिद्धांत में बदलाव की जरूरत हैं? कतई नहीं, प्रश्न यह भी है कि घालमेल करने की अपेक्षा क्या बेहतर नहीं होता है कि लेखक गण अपेक्षित सुधारों को सुस्पष्ट चिह्नित करते? दरअसल इससे उनकी धुंधली दृष्टि का सहज ही आभास हो जाता है। अपनी बात कहने में वे भयभीत क्यों लगते हैं?
जहां तक 'जेंडर' का सवाल है अल्ट्रावाम इस समस्या के समाधान में एक हद तक सफल रहा है। महिला मुक्ति का मार्ग तब तक अपनी मंजिल तय नहीं कर पाएगा, जब तक महिलाओं व पुरुषों का पृथक एवं स्वतंत्र इकाई के तौर पर विकास न हो। हमें "ब्रेक मैरिज बी सोशलिस्ट" के नारे को चरितार्थ करना ही होगा। लिवइन रिलेशनशिप इसका पहला पायदान है। दरअसल सबसे बड़ी विडंबना तो यही है कि हम सामंती व पूंजीवादी परिवार की अपेक्षा रखते हैं कि सामंती व पूंजीवादी परिवार कायम रहें। आखिरकर हमें यह कब अक्ल आएगी कि समाजवाद में पति और पत्नी नामक रिश्ते का भी विलोपन हो जाएगा अर्थात पति-पत्नी न होकर, साथी हो जाएंगे। हमें शादी नहीं साथी चाहिए के स्लगोन को चरितार्थ करना होगा कमोबेस अल्ट्रा माओवादी ऐसा ही रहते हैं।
बेशक जमीनहीन अस्थायी मजदूर या शहरी गरीब राजनीतिक विमर्श से बाहर हैं, पर चिंतन प्रक्रिया से बाहर नहीं हैं। साथ ही साथ पूंजीवाद के बर्बर पशु को खुला नहीं छोड़ा जा सकता। एक व्यापक संयुक्त मोर्चे की जरूरत है, जिससे किसी को इंकार नहीं है पर फिर वही बात कि एक ही संगठन सब कुछ नहीं कर सकता। पहलकदमी की आवश्यकता है, कमान थामने की जरूरत है माओवाद गांधीवाद और आंबेडकरवाद को मिलकर आगे बढऩा होगा। वाद-प्रतिवाद व संवाद के माध्यम से कुछ भी असंभव नहीं। जहां तक नेपाल में माओवाद का प्रश्न है, माओवादी पार्टी के भीतर विभाजन आवश्यक था तथा भारत व नेपाल में क्रांति एक ही साथ सफल होगी। हमारी राष्ट्रीयताएं भिन्न जरूर हैं पर हमारी आवश्यकताएं समान हैं—क्रांति में सम्मिलित भागीदारी की जरूरत है, जिसका दर्शन होगा—गांधीयन माओवाद—माओवाद समाधान नहीं बल्कि समाधान तक पहुंचने का रास्ता है।
No comments:
Post a Comment